हापुड़

जनपद हापुड में आग से बचाव के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

हापुड़ । जनपद हापुड़ में आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों में आपदा की स्थिति में प्रतिक्रिया एवं आपसी समन्वय को परखने के उद्देश्य से आज जनपद की तीनों तहसीलों हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर एवं धौलाना में विभिन्न प्रकार की आपदाओं से संबंधित मॉक ड्रिल का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। तहसील हापुड़ में अग्नि आपदा से संबंधित मॉक ड्रिल का आयोजन जिला संयुक्त अस्पताल, हापुड़ में किया गया। जबकि तहसील गढ़मुक्तेश्वर में आपदा से संबंधित मॉक ड्रिल डी०एम० पब्लिक स्कूल में तथा तहसील धौलाना में रासायनिक आपदा से संबंधित मॉक ड्रिल सुख स्टील परिसर में आयोजित की गई।

मॉक ड्रिल के अन्तर्गत जिला संयुक्त अस्पताल परिसर, हापुड़ में अग्नि लगने की काल्पनिक घटना को प्रदर्शित किया गया। घटना की सूचना प्राप्त होते ही संबंधित बचाव एवं राहत टीमों द्वारा निर्धारित आपातकालीन कार्ययोजना के अनुसार तत्काल कार्यवाही प्रारम्भ की गई। मॉक ड्रिल के माध्यम से यह प्रदर्शित किया गया कि वास्तविक आपदा की स्थिति में अस्पताल प्रशासन एवं विभिन्न विभाग किस प्रकार समन्वित रूप से राहत एवं बचाव कार्य संचालित करेंगे।

घटना की सूचना के उपरान्त संबंधित टीमों द्वारा मौके पर पहुँचकर स्थिति का आकलन किया गया। प्रभावित क्षेत्र को सुरक्षित करते हुए आवश्यक बचाव कार्यवाही प्रारम्भ की गई। अग्निशमन दल द्वारा घटनास्थल पर पहुँचकर आग पर नियंत्रण एवं शमन कार्य का अभ्यास किया गया। वही बचाव दल द्वारा प्रभावित व्यक्तियों को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाने तथा आवश्यकतानुसार रैस्क्यू कार्यवाही का प्रदर्शन किया गया। स्वास्थ्य विभाग एवं अस्पताल प्रशासन द्वारा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को सक्रिय करते हुए प्रभावित व्यक्तियों के प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सा प्रबंधन की प्रक्रिया आरम्भ कर उपचार किया गया।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस विभाग द्वारा घटनास्थल पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण कक्ष तथा आवश्यकतानुसार आवागमन को व्यवस्थित करने की कार्यवाही की गयी। संबंधित अन्य विभागों एवं बचाव टीमों द्वारा भी अपनी निर्धारित भूमिकाओं के अनुरूप सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई।
मॉक ड्रिल के दौरान संबंधित विभागों द्वारा आपदा की काल्पनिक परिस्थितियों के अनुरूप राहत एवं बचाव कार्य, रैस्क्यू, प्राथमिक उपचार, अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक कार्यवाहियाँ की गई। विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा अपनी-अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आपसी समन्वय के साथ मॉक ड्रिल में सहभागिता की गई।

मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा के समय संबंधित विभागों की तत्परता, कार्यकुशलता, संसाधनों की उपलब्धता तथा अन्तर्विभागीय समन्वय का परीक्षण करना एवं आवश्यकता पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारी को सुदृढ़ करना रहा।

मॉक ड्रिल के दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी/अपर जिला अधिकारी (वित्त एवं राजस्व) श्री संदीप कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक श्री विनीत भटनागर, उपजिलाधिकारी हापुड़ श्री प्रेमपाल सिंह, धौलाना से श्रीमती कल्पना चौहान व गढ़मुक्तेश्वर से श्री श्रीराम यादव, तहसीलदार धौलाना श्री सचिन कुमार, गढ़मुक्तेश्वर से हेमन्त चौधरी, व हापुड़ से श्री दिवाकर मिश्रा उपस्थिति रहें। फायर डिपार्टमेंट से सी०एफओ० श्री अजय शर्मा, स्वास्थ्य विभाग से डिप्टी सी०एम०ओ० डा० सुनिल गुप्ता, व जिला आपदा विशेषज्ञ श्री गजेन्द्र सिंह बघेल की विशेष भूमिका रही। NDRF गाजियाबाद की आठवीं बटालियन से श्री ललित कौशिक, जिला आपात संचालन केन्द्र की ICCC टीम, NCC कैडेटस, होमगार्डस व आपदा मित्रों की सहभागिता रहीं।

जिला आपदा विशेषज्ञ श्री गजेन्द्र सिंह बघेल द्वारा कार्यक्रम का संचालन करते हुए यह बताया गया कि इस प्रकार के अभ्यास से वास्तविक आपातकालीन परिस्थितियों में जनहानि को न्यूनतम करने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी।

मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग व आपदा प्रबंधन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहें तथा विभागों द्वारा अपनी निर्धारित भूमिका के अनुसार सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की गई।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button