शामली

टूटी सड़क बनी तालाब, नाले का पानी भरने से ग्रामीण परेशान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 चौसाना। कस्बे के बिजलीघर के पास सहकारी समिति मार्ग पर करीब बीस मीटर सड़क टूटकर नाले में तब्दील हो गई है। नाला टूटने से पानी सड़क पर भर गया है, जिससे कीचड़ और जलभराव की समस्या बन गई है। गेहूं खरीद के चलते भारी वाहनों की आवाजाही से हालात और बिगड़ गए हैं, जिससे राहगीरों और किसानों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
 चौसाना कस्बे के बिजलीघर के बराबर से सहकारी समिति होते हुए भडी गांव को जाने वाले इस मुख्य मार्ग की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सड़क के किनारे बना नाला टूट गया है, जिससे कस्बे का गंदा पानी सीधे सड़क पर भर रहा है। स्थिति यह है कि सड़क अब तालाब जैसी नजर आने लगी है। इसी मार्ग पर स्थित सहकारी समिति में इन दिनों गेहूं खरीद जारी है, जिसके चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य भारी वाहन लगातार गुजर रहे हैं। भारी वाहनों के दबाव से सड़क और नाले की हालत और खराब हो गई है।
ग्रामीण मुबारिक अली, अफजाल, बाबर, मुजम्मिल, आदिल और रशीद का कहना है कि यह सड़क पीडब्ल्यूडी विभाग के अधीन है और इसकी शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि विभाग की अनदेखी के चलते कई लोग वाहन समेत फिसलकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं।
 पीडब्ल्यूडी के जेई पंकज कुमार ने बताया कि सड़क की स्थिति की जानकारी विभाग को है। इसके निर्माण का प्रस्ताव पिछले वर्ष प्रशासन को भेजा गया था, लेकिन स्वीकृति नहीं मिल सकी। अब दोबारा प्रस्ताव भेजा गया है, स्वीकृति मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button