ललितपुर
प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक पर अभद्र व्यवहार के आरोप
ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन भेजकर उठायी स्थानांतरण की मांग की

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जखौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत कारीपहाड़ी में स्थित प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापक के खिलाफ ग्रामीणों और अभिभावकों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान प्रधानाध्यापक का व्यवहार बच्चों और अभिभावकों के प्रति ठीक नहीं है। आरोप लगाया गया है कि कक्षा में बच्चों को बार-बार अपशब्द कहे जाते हैं और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया जाता है, जिससे बच्चों का मनोबल गिर रहा है। इसके चलते कई बच्चे डर के कारण विद्यालय आने से कतराने लगे हैं। अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय का शैक्षिक वातावरण पूरी तरह प्रभावित हो चुका है। शिकायत करने पर भी प्रधानाध्यापक के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार मौखिक रूप से समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि बच्चों के भविष्य और विद्यालय के स्वस्थ माहौल को ध्यान में रखते हुए संबंधित प्रधानाध्यापक का तत्काल स्थानांतरण किया जाए तथा किसी योग्य और संवेदनशील शिक्षक की नियुक्ति की जाए। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जांच कर उचित कार्रवाई करने की अपील की है। ज्ञापन देते समय ग्राम प्रधान मथुरा प्रसाद, विजय, भोलाराम, जगभान, रामप्रकाश, अनिल, विकास, मदन, भक्तू, कमल के अलावा अनेकों ग्रामीण मौजूद रहे।



