अमरोहा
राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस पर ग्राम चौपाल, मंत्री के.पी. मलिक ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा के हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सकतपुर करनपुर में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर ग्राम चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री के.पी. मलिक एवं हसनपुर विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने सहभागिता की।इस दौरान प्रभारी मंत्री के.पी. मलिक और विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मान पत्र वितरित किए। साथ ही क्षेत्र के इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
ग्राम चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा, “जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित होना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए संचालित की जा रही हैं, जिनका प्रभावी क्रियान्वयन बेहद जरूरी है।
साथ में रहे मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, जिला पंचायत राज अधिकारी पारुल सिसोदिया, ब्लॉक प्रमुख ममता गुर्जर, जिला उपाध्यक्ष अभिनव कौशिक, हिमांशु त्यागी, प्रधान संघ अध्यक्ष यशपाल सिंह, हेमराज सैनी, ग्राम प्रधान नसीम अहमद, चरण सिंह प्रधान, नंदन पाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




