खैरथल
15 दिवस के लिए चलेगा ग्राम रथ अभियान
कला जत्था के कलाकार करेंगे सरकार की योजनाओं एवं 'ग्राम' का प्रचार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। ग्राम रथ अभियान की जिले में तैयारियों की समीक्षा के लिए जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में सम्बंधित अधिकारियों की बैठक लेकर दिशा—निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले की 3 विधानसभा क्षेत्रों की सभी ग्राम पंचायतों में 28 अप्रैल से निरन्तर 15 दिवस तक ग्राम रथ अभियान चलाया जाएगा। ग्राम रथ द्वारा प्रत्येक विधानसभा की 4-5 ग्राम पंचायतो में विभिन्न स्थानों पर लगभग 1-1 घण्टे के विडियो, ऑडियों संदेश सहित सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओ व ग्राम का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा कृषकों व पशुपालकों को सशक्त बनाने एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के लिए चलाई जा रही प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ग्रामीण अंचल तक पहुॅचाने के उद्देश्य से एलईडी मोबाइल वैन आधारित जन-जागरूकता ‘ग्राम रथ अभियान’ संचालित किए जा रहे है। यह अभियान 28 अप्रेल से 15 दिवस के लिए चलेगा। कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार एवं रथों के व्यवस्थित सुसंचालन एवं मॉनिटरिंग हेतु जिला स्तर पर कार्यक्रम का नोडल अधिकारी जिला परिषद् के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं विधानसभा क्षेत्र का नोडल अधिकारी संबंधित उपखंड अधिकारी को बनाया गया है।
13 विभागों की योजनाओं की मिलेगी जानकारी-
‘ग्राम’ से जुड़े कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज, ग्रामीण विकास विभाग सहित 13 विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी ग्राम रथ अभियान के दौरान आमजन को उपलब्ध करवाई जाएगी।
सुझाव पेटिका—
ग्राम रथों में सुझाव पेटिका का भी प्रावधान किया गया है। स्थानीय ग्रामीण अपनी समस्या और उत्कृष्ट सुझाव इस पेटिका के माध्यम से राज्य सरकार को भिजवा सकते है।
कला जत्था—
प्रतिदिन विश्राम स्थल पर संध्या चौपाल अभियान का मुख्य आर्कषण रहेगा। रथों के साथ चलने वाले कला जत्था के स्थानीय कलाकारो द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं सहित जयपुर में होने वाले ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट 2026 सहित का व्यापक प्रचार-प्रसार कर कृषको, पशुपालकों व निवेशको को इसमे सम्मिलित होने हेतु प्रेरित किया जाएगा।
एलईडी मोबाइल वैन आधारित जन-जागरूकता अभियान में जनप्रतिनिधियों सहित आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
मंगलवार को जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा से सभी रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा इसके पश्चात निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुंडावर विधानसभा क्षेत्र के भानोत, अजरका, दरबारपुर, शीलगांव एवं बासनी में प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा बासनी में संध्या चौपाल का आयोजन होगा। किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र के राताखुर्द, इस्माइलपुर, झिरंडिया, बाघोर एवं बंबोरा में प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा बंबोरा में संध्या चौपाल आयोजित की जाएगी। तिजारा विधानसभा क्षेत्र के गोठड़ा, गहनकर, मौसमपुर, मंडा एवं भिंडूसी में प्रचार-प्रसार किया जाएगा तथा भिंडूसी में संध्या चौपाल का आयोजन किया जाएगा।

