खैरथल
बाबा दुर्बलनाथ की भव्य मूर्ति का हुआ अनावरण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा : जिले के मुंडावर तहसील के रसगण गांव में आज श्रद्धा और भक्ति के वातावरण के बीच बाबा दुर्बलनाथ की मूर्ति का भव्य अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक ललित यादव मुख्य अतिथि के रूप में अति विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रधान रोहिताश चौधरी के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चारण के बीच बाबा दुर्बलनाथ की मूर्ति का अनावरण किया गया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति गीतों और जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
अपने संबोधन में विधायक ललित यादव ने क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना करते हुए कहा कि बाबा दुर्बलनाथ की कृपा सदैव सभी पर बनी रहे।
उन्होंने आगे कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराएं हमारी पहचान हैं, जिन्हें संजोकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में प्रसाद वितरण किया गया और सभी उपस्थित लोगों ने आशीर्वाद प्राप्त किया।

