बरेली
चौपुला पुल की मरम्मत को डायवर्जन की अनुमति का इंतजार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। चौपुला फ्लाईओवर की मरम्मत का कार्य कुछ दिनों में शुरू होने की संभावना है। एनएचएआई बदायूं ने इसके लिए प्रशासन को पत्र दिया है। डायवर्जन की अनुमति मिलते ही मरम्मत का कार्य शुरू हो जाएगा। चौपुला फ्लाईओवर की हालत खस्ता होती जा रही है। एक्सपेंशन ज्वाइंट के बीच चार से पांच इंच तक का गैप बढ़ गया है। पुल से निकलते वक्त लोगों को जबर्दस्त झटके लगते हैं। बीमार और बुजुर्ग लोगों को खासी परेशानी होती है। कई बार इसकी शिकायत भी की गई। एनएचएआई ने बीते दिनों मरम्मत के लिए 1.46 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया था। एनएचएआई ने कार्यदायी संस्था का भी चयन कर लिया था।
बरेली प्रशासन को रुट डायवर्जन के लिए पत्र भी भेज दिया गया। प्रशासन ने पहले सिटी स्टेशन रोड के लिए डायवर्जन की अनुमति दे दी। इस कारण उस समय कार्य शुरू नहीं हो पाया। सिटी स्टेशन रोड का काम पूरा हुआ तब तक उर्स आ गया। अब उर्स की समाप्ति के बाद चौपुला पुल पर कार्य शुरू होने की उम्मीद है। एनएचएआई बदायूं के पीडी उत्कर्ष शुक्ला ने बताया कि रूट डायवर्जन के लिए पत्र भेजा गया है। अनुमति मिलते ही चौपुला पुल पर कार्य शुरू करा दिया जाएगा।



