मकान की दीवार गिराने का विरोध करने पर महिला से मारपीट, गंभीर चोट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झिंझाना। क्षेत्र के गांव सेवापुर में मकान की दीवार जबरन गिराने का विरोध करने पर तीन लोगों ने महिला के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि महिला के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज भी की गई। मारपीट में महिला को गंभीर चोट आई है। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव सेवापुर निवासी ज्योति पत्नी प्रवीण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 22 अक्टूबर को दोपहर करीब तीन बजे वह अपने घर पर थी। इसी दौरान गांव के प्रदीप पुत्र राजेंद्र, कुणाल और कार्तिक पुत्रगण प्रेम उसके मकान की दीवार जबरन गिराने लगे। विरोध करने पर तीनों ने उसके साथ मारपीट की और अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। इसमें उसे गंभीर चोट आई। पीड़िता ने पुलिस से मेडिकल परीक्षण कराकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक अजीत को सौंपी है।

