कैराना
ओलावृष्टि के साथ झमाझम बारिश, कैराना में तपती गर्मी से मिली बड़ी राहत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कैराना। कई दिनों से भीषण गर्मी और तेज धूप से जूझ रहे लोगों को गुरुवार को अचानक बड़ी राहत मिली, जब मौसम ने करवट लेते हुए तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू कर दी। इस दौरान क्षेत्र के कई हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक घुल गई। दोपहर तक जहां तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते लोग घरों में कैद रहने को मजबूर थे, वहीं अचानक आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई, जिसने मौसम को पूरी तरह बदल दिया। बारिश के साथ गिरे ओलों ने गर्मी से बेहाल लोगों को राहत का अहसास कराया। बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया और मौसम सुहावना हो गया। लोग घरों से बाहर निकलकर ठंडी हवा का आनंद लेते नजर आए। वहीं, बच्चों ने भी बारिश और ओलों के बीच जमकर मस्ती की। हालांकि, ओलावृष्टि ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। किसानों का कहना है कि अगर इसी तरह मौसम में बदलाव जारी रहा, तो फसलों पर इसका असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में भी मौसम के ऐसे ही बदले रहने की संभावना जताई है, जिससे लोगों को फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।

