बेतुल
बैतूल सीसीई नंबर की गड़बड़ी से छात्रों का रिजल्ट रोका, एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन
10-12 दिन बाद भी परिणाम में सुधार नहीं, माइग्रेशन लिंक हटने से छिंदवाड़ा जाने को मजबूर छात्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। जयवंती हाक्सर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के सीसीई नंबर में गड़बड़ी और पुराने सत्र के माइग्रेशन की समस्या को लेकर सोमवार को एनएसयूआई ने कॉलेज प्राचार्य को कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष निलेश धुर्वे के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
निलेश धुर्वे ने बताया कि लगभग सभी छात्र-छात्राओं के परीक्षा परिणाम में डब्ल्यूएच यानी विथहेल्ड (रिजल्ट रोका गया) प्रदर्शित हो रहा है। इसके बाद कॉलेज स्तर से विश्वविद्यालय के पोर्टल पर 1 सितंबर 2026 को दोबारा सीसीई नंबर अपलोड कर दिए गए, लेकिन 10-12 दिन बीतने के बाद भी परिणाम में कोई सुधार नहीं हुआ है। इससे छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि छिंदवाड़ा विश्वविद्यालय के समय के पुराने सत्र के विद्यार्थियों के सामने माइग्रेशन सर्टिफिकेट को लेकर भी समस्या बनी हुई है। विश्वविद्यालय के पोर्टल से माइग्रेशन के लिए आवेदन करने की लिंक हटा दी गई है, जिसके कारण विद्यार्थियों को माइग्रेशन सर्टिफिकेट के लिए छिंदवाड़ा जाना पड़ रहा है। छात्रों ने मांग की कि पोर्टल पर माइग्रेशन आवेदन की लिंक दोबारा प्रदर्शित की जाए, ताकि विद्यार्थियों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।
पूर्व एनएसयूआई कॉलेज अध्यक्ष यश साहू ने कहा कि छात्र-छात्राओं ने शांतिपूर्वक अपनी समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा है। यदि तीन दिवस के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो एनएसयूआई बड़े स्तर पर उग्र आंदोलन करेगी।
ज्ञापन के दौरान यश साहू, राजा बछले, प्रवीण राकसे, खुशी उइके, किरण धुर्वे, गौतम पारधे, नमन पटेल, तरुण पवार सहित कॉलेज के अन्य छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।




