गोड्डा
कार्यों की समीक्षा कर उपायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की ओर से गोड्डा जिला अंतर्गत बसंतराय प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय में संचालित विभिन्न योजनाओं, जनसेवाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय के विभिन्न विभागों का अवलोकन कर अभिलेखों का सत्यापन किया तथा कर्मियों की उपस्थिति एवं कार्य निष्पादन की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कार्यालय में साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं आम नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की भी समीक्षा की।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने तथा गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व संबंधी मामलों, प्रमाण पत्र निर्गमन, भूमि विवादों के निष्पादन तथा जन शिकायतों के त्वरित समाधान पर बल दिया। इस दौरान उपायुक्त ने आम नागरिकों से भी संवाद कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ सहज एवं समय पर उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए प्रगति में तेजी लाई जाए। साथ ही सभी कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने एवं कार्य में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया। निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी श्रीमान मरांडी, संबंधित पदाधिकारी एवं प्रखंड कर्मी उपस्थित थे।




