मथुरा
वृंदावन में चचेरे भाई पर तमंचा तानकर जानलेवा हमले का प्रयास

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। वृंदावन की रतनछतरी क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते एक युवक और उसके चचेरे भाई पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर दो नामजद सहित पांच के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। सूरज सैनी ने कोतवाली में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया कि 1 मई की रात उनका भाई भरत सैनी और चचेरा भाई अभिषेक सैनी विज्ञान कुटी आश्रम से जागरण का प्रसाद लेकर घर लौट रहे थे। मोहिनी कुंज के सामने बैठे पड़ोसी मोर मुकुट, उनका साथी संदीप और तीन अन्य ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि इन लोगों ने भरत पर जान से मारने की नियत से तमंचा तान दिया। तमंचे से गोली न चलने पर आरोपियों ने भाइयों के साथ हाथापाई की और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें घर तक पीटते हुए लाए। हमलावरों ने तमंचा लहराते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। सीओ सदर पीतम पाल सिंह ने बताया कि सूरज सैनी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जांच श्रीबांकेबिहारी पुलिस चौकी प्रभारी शिव कुमार शर्मा को सौंपी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।



