
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल पर बाराबंकी जनपद के हनुमान मंदिरों में भक्तों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। रिमझिम बारिश के बावजूद श्रद्धालु बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचे।
धनोखर हनुमान मंदिर, रसौली कन्हाईपुर हनुमान मंदिर, पल्हरी तिराहा हनुमान मंदिर और मां विद्यावती मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही लंबी कतारें देखी गईं। यहां श्रद्धालुओं ने बजरंगबली के दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना की।
इस अवसर पर पूरे जनपद में जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया। श्री तिरुपति बालाजी कन्वेसर्स, धनोखर मंदिर और नेशनल हाईवे पर विशाल ढाबे सहित कई स्थानों पर प्रसाद और शरबत वितरित किया गया। हनुमान मंदिरों को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे उत्सव का माहौल बना रहा।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले मंगलवार को ‘बड़ा मंगल’ या ‘बुढ़वा मंगल’ कहा जाता है। माना जाता है कि इसी महीने में भगवान राम और हनुमान जी की पहली मुलाकात हुई थी। भक्त इस दिन को हनुमान जी की कृपा पाने और मनोकामना पूर्ति के लिए अत्यंत शुभ मानते हैं।
मंदिरों में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने कतारबद्ध दर्शन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए थे। श्री तिरुपति बालाजी कन्वेसर्स के सुशील गुप्ता ने बताया कि हनुमान जी की कृपा से सभी बिगड़े काम बनते हैं और बालाजी महाराज की कृपा सभी पर बनी रहे।
इस मौके पर व्यापारी प्रदीप जैन, सरदार भूपेंद्र सिंह, अनूप गुप्ता, अरुण गुप्ता, सरदार चरणजीत, राजेश गुप्ता, राहुल गुप्ता, वरिष्ठ पत्रकार विकास शुक्ला, पत्रकार विशाल गुप्ता, जुगुल किशोर गुप्ता, विपिन गुप्ता और विपुल गुप्ता , आशीष राज, शिव विशाल,अनीस कुमार,विकाम चौधरी, राजेन्द्र प्रसाद, राधेश्याम, राजेश,करन राना,विशनू राना सहित कई हनुमान भक्त उपस्थित रहे।




