कैराना
मायके की संपत्ति को लेकर बढ़ा विवाद
दान में मिले मकान पर कब्जे का आरोप, महिला ने भाइयों पर मारपीट और धमकी देने का दर्ज कराया मुकदमा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। कोतवाली क्षेत्र के गांव मन्ना माजरा में पारिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद गहरा गया है। गांव निवासी एक महिला ने अपने सगे भाइयों समेत तीन लोगों पर दानपत्र में मिले मकान पर अवैध कब्जा करने, विरोध करने पर मारपीट, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कोतवाली कैराना में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
गांव मन्ना माजरा निवासी मुशर्रत पत्नी फारूख ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके माता-पिता का निधन हो चुका है। उसकी मां ने अपने जीवनकाल में एक मकान दानपत्र के माध्यम से उसके नाम रजिस्टर्ड कराया था। आरोप है कि उसके भाई नौशाद, दिलशाद पुत्रगण सादा और नाजिम पुत्र युसुफ निवासी ग्राम इस्सोपुर खुरगान ने उक्त मकान पर अवैध कब्जा कर रखा है और उसे उसके अधिकार से वंचित किया जा रहा है। पीड़िता का कहना है कि जब भी वह अपने मायके जाती है तो आरोपी उसके साथ अभद्रता करते हैं। कई बार उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। हाल ही में जब उसने अपने नाम दर्ज मकान को खाली करने की बात कही तो आरोपियों ने साफ इनकार कर दिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए कहा कि वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती और पुलिस भी उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर सकती। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी लगातार उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं, जिससे वह भयभीत और परेशान है। लगातार हो रहे उत्पीड़न से तंग आकर महिला ने कोतवाली कैराना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी और कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पारिवारिक संपत्ति को लेकर हुए इस विवाद की क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
