रांची एसएसपी ने किया जनगणना 2026 ‘आवास गणना’ का शुभारंभ, नागरिकों से स्व-गणना की अपील
Ranchi SSP launches Census 2026 'Housing Census', appeals to citizens for self-enumeration

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने आज जनगणना 2026 के प्रथम चरण ‘आवास गणना’ के शुभारंभ अवसर पर अपने आवास स्थित कार्यालय कक्ष में स्व-गणना (Self-Enumeration) फॉर्म भरकर अभियान में सक्रिय भागीदारी दर्ज की। इस दौरान उन्होंने रांचीवासियों और अधीनस्थ पुलिस बल से भी स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। एसएसपी ने कहा कि जनगणना केवल सरकार का कार्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही जनगणना टीमें घर-घर पहुंचेंगी और सभी नागरिकों से सही एवं पूर्ण जानकारी देने का अनुरोध किया। उन्होंने स्व-गणना के लिए सरकारी पोर्टल का लिंक साझा करते हुए कहा कि इच्छुक नागरिक ऑनलाइन माध्यम से आसानी से अपनी गणना पूरी कर सकते हैं। इससे समय की बचत होगी और पूरी प्रक्रिया अधिक सरल एवं पारदर्शी बनेगी।
जनगणना आंकड़ों का महत्व
जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े देश और राज्य की विकास योजनाओं की आधारशिला माने जाते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर—
विधि व्यवस्था
शिक्षा
स्वास्थ्य
आवास
रोजगार
पेयजल
बिजली
अन्य आधारभूत सुविधाओं
से जुड़ी योजनाएं तैयार की जाती हैं तथा संसाधनों का उचित वितरण सुनिश्चित किया जाता है।
एसएसपी की प्रमुख अपीलें
जनगणना टीम के आने पर पूरा सहयोग करें।
सभी जानकारी सही और पूर्ण रूप से उपलब्ध कराएं।
संभव हो तो स्व-गणना (Self-Enumeration) का विकल्प अपनाएं।
इस राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया 1 मई से 15 मई 2026 तक संचालित की जा रही है।



