रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान, वेंक्टेश्वरा में युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय राजमार्ग बाईपास स्थित श्री वेंकटेश्वरा यूनिवर्सिटी, विम्स बहु-विशेषज्ञ अस्पताल एवं वीजीआई मेरठ के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर और जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने हाथों में जागरूकता तख्तियां लेकर लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया और जरूरतमंदों की सहायता का संकल्प लिया। शिविर का शुभारंभ संस्थापक अध्यक्ष सुधीर गिरी, प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी, डीन मेडिकल डॉ. प्रभु एम.एच., मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शिशिर पाटिल, पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. गरिमा भटनागर, डॉ. अमित जैन एवं ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. नौशाद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
रक्तदान अभियान की शुरुआत प्रतिकुलाधिपति के सुरक्षाकर्मी योगेंद्र सिंह और कुलपति कार्यालय से जुड़े कर्मचारियों द्वारा रक्तदान कर की गई। इसके बाद नर्सिंग, फार्मेसी, कृषि एवं प्रबंधन विभाग के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भी स्वैच्छिक रक्तदान किया।
इस अवसर पर संस्थापक चैयरमेन सुधीर गिरि ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कई प्रकार के दान को श्रेष्ठ माना गया है, लेकिन रक्तदान सबसे बड़ा दान है क्योंकि इससे किसी व्यक्ति को नया जीवन मिलता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रक्तदान करने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
प्रतिकुलाधिपति डॉ. राजीव त्यागी ने कहा कि चिकित्सा के विद्यार्थियों को रक्तदान जागरूकता अभियान को गांव और शहर तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में डॉ. अभय भटनागर, डॉ. इकराम इलाही, डॉ. अरुण गोस्वामी, एस.एस. बघेल, शैलेन्द्र रावत, प्रीतपाल, डॉ. पंकज सिंह तथा मीडिया प्रभारी विश्वास राणा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।


