बरेली
राशन व बेटियों की शादी में मदद के नाम पर लाखों की ठगी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। एक ट्रस्ट संचालक दंपती ने गरीब महिलाओं को हर महीने राशन व बेटियों की शादी में दान-दहेज के साथ 51 हजार रुपये सहायता देने का लालच देकर लाखों रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित महिलाओं ने शुक्रवार को थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
गांव सेंधा निवासी विमला देवी, संतोष देव, मुन्नी देवी समेत कई महिलाओं ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि खुद को लखनऊ निवासी बताने वाले दंपती ने अपने आप को सनातन धर्म सेवा ट्रस्ट का अध्यक्ष बताया। आरोपियों ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि ट्रस्ट गरीब परिवारों को कम रकम में हर महीने राशन उपलब्ध कराता है व बेटियों की शादी में आर्थिक सहायता दी जाती है।
महिलाओं के अनुसार ट्रस्ट का सदस्य बनाने के नाम पर प्रत्येक महिला से 800 रुपये जमा कराए गए। सदस्यता के बाद एक कार्ड दिया जाता था, जिसमें हर महीने मिलने वाले राशन का विवरण दर्ज होना बताया गया। आरोपियों ने यह भी लालच दिया कि जो महिला सबसे पहले छह सदस्य जोड़ेगी, उसे ट्रस्ट की सभी सुविधाएं मिलेंगी। वहीं 600 सदस्य जोड़ने पर स्कूटी और प्रतिमाह पांच हजार रुपये मानदेय देने का दावा किया गया। इसके अलावा महिलाओं को धूपबत्ती व अगरबत्ती पैकिंग का काम सिखाने की बात भी कही गई।



