बरेली
बरेली से नोएडा की उड़ान एक जुलाई से, सप्ताह में चार दिन होगी फ्लाइट, शेड्यूल जारी,

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नोएडा के जेवर एयरपोर्ट के लिए उड़ान एक जुलाई से शुरू होगी। इंडिगो एयरलाइंस ने बृहस्पतिवार को इसका शेड्यूल जारी कर दिया है। सप्ताह में चार दिन नोएडा से उड़ान भरकर फ्लाइट सुबह 11:20 बजे विमान बरेली एयरपोर्ट पर उतरेगा। यहां से दोपहर एक बजे वापसी होगी। जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद से ही बरेली एयरपोर्ट के अधिकारियों ने नोएडा और दिल्ली के लिए फ्लाइट संचालन की तैयारी शुरू कर दी थी। इंडिगो एयरलाइंस ने सर्वे भी किया था और प्रस्ताव बनाकर डीजीसीए को भेजा था। फिलहाल नोएडा के लिए फ्लाइट संचालन की अनुमति मिली है। इंडिगो का 78 सीटर एटीआर-72 उड़ान भरेगा। सोमवार, बुधवार, शुक्रवार और रविवार को फ्लाइट का संचालन होगा। अभी बरेली से बंगलूरू और नवी मुंबई के लिए इंडिगो की फ्लाइट संचालित होती है।
बरेली समेत आसपास के कारोबारी भी काफी समय से दिल्ली की फ्लाइट की मांग कर रहे थे। नोएडा में जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनकर तैयार होने के बाद से ही उड़ान शुरू होने की उम्मीद थी। बरेली से नोएडा की उड़ान का शेड्यूल जारी कर दिया गया।
अब दिल्ली भी दूर नहीं एयरलाइंस प्रतिनिधि के मुताबिक, अब दिल्ली भी दूर नहीं रहेगी। नोएडा से मेट्रो के जरिये नई दिल्ली पहुंचना आसान है। टैक्सी सेवाएं भी हैं। कहा कि बरेली से बड़ी संख्या में कारोबारियों, व्यापारियों की नोएडा, दिल्ली आवाजाही होती है। फ्लाइट से यात्रा बेहतर होगी। सर्वे में 70 फीसदी से एयर ट्रैफिक का अनुमान जताया गया है।



