मेरठ
एमआईईटी में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न, भविष्य की आधुनिक सामग्रियों पर हुआ गहन मंथन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मेरठ। मेरठ इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के यांत्रिक अभियांत्रिकी विभाग में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन तथा मटेरियल रिसर्च सोसाइटी ऑफ इंडिया, दिल्ली चैप्टर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का सफल समापन हुआ। सम्मेलन का विषय “भविष्य में उपयोग होने वाली नई आधुनिक सामग्री और उनके नवीन आविष्कार” रहा।
सम्मेलन में देश-विदेश के विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं एवं शिक्षाविदों ने आधुनिक विज्ञान, रक्षा तकनीक और अभियांत्रिकी से संबंधित विभिन्न विषयों पर अपने शोध एवं विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में 50 से अधिक तकनीकी विशेषज्ञों ने सहभागिता की, जबकि 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। इसके अतिरिक्त 10 से अधिक विदेशी शिक्षाविदों ने भी सम्मेलन में भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए।
सम्मेलन संयोजक डॉ. विपिन शर्मा ने बताया कि सम्मेलन के लिए कुल 307 शोध पत्र प्राप्त हुए, जिनमें बड़ी संख्या में विदेशी शिक्षाविदों के शोध पत्र शामिल रहे। अमेरिका, ओमान, अल्जीरिया, इराक, ईरान, दक्षिण अफ्रीका, मोरक्को तथा तुर्की सहित कई देशों के शोधकर्ताओं ने सम्मेलन में अपने शोध प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन पुनीत अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, कैंपस निदेशक डॉ. संजय सिंह, डीन एकेडमिक्स डॉ. संजीव सिंह, डॉ. हुसैन मेहदी, डॉ. पीयूष गुप्ता, डॉ. श्वेतांशु गौरव, मधुर कुमार दुबे तथा डॉ. पंकज गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


