बागपत

टयौढी में रुके विकास कार्य को मिली रफ्तार

तलाखी तालाब से खेड़की तालाब तक शेष नाले का निर्माण कार्य शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
टयौढी/बागपत : गांव टयौढी में लंबे समय से अधूरा पड़ा तलाखी तालाब से खेड़की तालाब तक जाने वाले नाले के शेष निर्माण कार्य को आखिरकार नई गति मिल गई। क्षेत्र की जनता की सुविधा और जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में जिला पंचायत सदस्य सुनील आर्य के भाई प्रहलाद आर्य द्वारा इस महत्वपूर्ण कार्य की शुरुआत कराई गई।
बताया गया कि करीब ढाई सौ मीटर लंबाई का यह हिस्सा पूर्व में अधूरा रह गया था, जिसके चलते ग्रामीणों को जलभराव, गंदगी और निकासी संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती थी, जिससे आसपास के क्षेत्रों में परेशानी बढ़ जाती थी। अब इस शेष निर्माण कार्य के शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर है और लोगों ने इसे गांव के विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम बताया है।
ग्रामीणों का कहना है कि नाले के पूर्ण निर्माण से न केवल जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त होगी, बल्कि गांव की स्वच्छता व्यवस्था भी मजबूत होगी। इससे तालाबों के आसपास जलभराव की समस्या कम होगी और ग्रामीणों को राहत मिलेगी।
इस मौके पर प्रहलाद आर्य ने कहा कि गांव के विकास और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देना उनका उद्देश्य है। अधूरे पड़े कार्यों को पूरा कराना ही वास्तविक जनसेवा है, ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं बेहतर ढंग से मिल सकें।
कार्य प्रारंभ होने के अवसर पर धनेश प्रधान, राजीव, जयकुमार, संदीप शर्मा, राकेश शर्मा, निखिल, सोनू सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि गांव में अन्य विकास कार्य भी इसी तरह तेजी से पूरे किए जाएंगे।
गांववासियों ने जिला पंचायत सदस्य सुनील आर्य एवं प्रहलाद आर्य का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से लंबित इस कार्य के पूरा होने से टयौढी की एक बड़ी समस्या का समाधान होगा और गांव विकास की नई दिशा में आगे बढ़ेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button