ललितपुर
अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस का आयोजन किया गया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
आज दिनांक 12 मई 2026 को पहलवान गुरुदीन कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के उपलक्ष्य में डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रुप ऑफ कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. सौरभ यादव, चीफ मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. पूजा यादव, नर्सिंग प्राचार्या डॉ. आंचल यादव एवं प्रशिक्षण महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. महेश कुमार झा द्वारा मां सरस्वती एवं फ्लोरेंस नाइटिंगेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।
इस अवसर पर डॉ. सौरभ यादव ने नर्सों के समर्पण, सेवा भावना और अथक परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि नर्सें न केवल मरीजों की चिकित्सा देखभाल करती हैं, बल्कि उन्हें भावनात्मक सहयोग देकर स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित भी करती हैं।
डॉ. महेश कुमार झा ने बताया कि 12 मई, फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जन्मदिवस के अवसर पर विश्वभर में अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि रोगियों को शारीरिक एवं मानसिक राहत प्रदान करने में नर्सों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
डॉ. आंचल यादव ने कहा कि फ्लोरेंस नाइटिंगेल का योगदान नर्सिंग पेशे के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनका समर्पण और सेवा भाव आज भी प्रत्येक नर्स को मानवता की सेवा के लिए प्रेरित करता है।
कार्यक्रम के दौरान नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन पर आधारित नाटक एवं भाषण प्रस्तुत किए एवं प्रतिभागी छात्र छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर उपप्राचार्य संस्कार यादव, नर्सिंग ट्यूटर आनंद कुमार, आनंद यादव, वंदना सिंह, वर्जीनिया इसयास, ज्योति निरंजन, असि. प्रो. उत्कर्ष जैन,अजब सिंह, नरेंद्र प्रजापति, सजल परासर, कंप्यूटर शिक्षक रूपचंद अहिरवार, जगत झा, काउंसलर पूजा सिंह, विकास तथा कॉलेज के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन नर्सिंग छात्रा गौरी तिवारी ने किया।




