गोड्डा
विद्यालयों में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की नियमित उपस्थिति करने पर जोर
जिला शिक्षा कार्यालय से कार्यों की समीक्षात्मक बैठक संपन्न दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर समयबद्ध उपस्थिति अपलोड करने के निर्देश
शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र नामांकन एवं आधारभूत संरचनाओं की हुई समीक्षा
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला शिक्षा कार्यालय से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान शिक्षा विभाग से संचालित विभिन्न योजनाओं एवं विद्यालयों की शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त द्वारा विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र एवं छात्राओं की उपस्थिति, यू-डायस प्लस तथा ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर अद्यतन किए जा रहे आंकड़ों की समीक्षा की गई। उन्होंने विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों से विद्यालयवार शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं की उपस्थिति से संबंधित जानकारी प्राप्त की।
उपायुक्त ने ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति अपलोड करने में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन विद्यालयों में उपस्थिति संबंधी विवरण नियमित रूप से अपलोड नहीं किए जा रहे हैं, ऐसे विद्यालयों को चिन्हित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों को निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की बायोमेट्रिक उपस्थिति की प्रविष्टि ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर कराने का निर्देश दिया गया। बैठक के दौरान जिले में संचालित विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं, विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता, छात्र नामांकन, मध्याह्न भोजन योजना, छात्रवृत्ति वितरण, विद्यालय भवनों की स्थिति, शिक्षकों की पदस्थापना एवं उपस्थिति सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर क्रमवार चर्चा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सरकारी विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने विद्यालयों में छात्रों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ड्रॉपआउट विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालय से जोड़ने हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं जैसे पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था एवं फर्नीचर आदि की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार शीघ्र कराने को कहा। उपायुक्त ने शिक्षकों की नियमित उपस्थिति एवं विद्यालयों के सतत निरीक्षण पर बल देते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं अनुशासन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शिक्षा विभाग के लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि गोड्डा जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में अपेक्षित सुधार लाया जा सके।
बैठक में उप जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार, डीएमएफटी की टीम, सभी बीईईओ, बीपीओ, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन एवं शिक्षिका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



