गोड्डा
योग्य अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति पत्र निर्गत करने का निर्देश
राज्य स्तरीय नियुक्ति पत्र वितरण समारोह से पूर्व सभी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने पर जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में सहायक आचार्य नियुक्ति से संबंधित जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला स्तरीय काउंसलिंग प्रक्रिया पूर्ण कर चुके अभ्यर्थियों की नियुक्ति से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई तथा आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान उपायुक्त श्री मिश्रा ने नियुक्ति प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योग्य एवं चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप शीघ्र नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराया जाए, ताकि विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके तथा शिक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।
बैठक में लिए गए निर्णयों के उपरांत जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार को निर्देशित किया गया कि नियुक्ति हेतु योग्य पाए गए अभ्यर्थियों का नियुक्ति पत्र अविलंब निर्गत करने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया कि आगामी राज्य स्तरीय सहायक आचार्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह से पूर्व सभी आवश्यक औपचारिकताएं एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं ससमय पूर्ण कर ली जाएं। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान सभी अभिलेखों का सुव्यवस्थित संधारण किया जाए तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग से संबंधित कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू,जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार एवं शिक्षा विभाग के संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



