जालौन
खुले में रखा गेहूं बना चिंता का कारण, बारिश से नुकसान की आशंका

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। नगर के निनावली रोड स्थित आरटीआई कॉलेज के पास बने गेहूं खरीद केंद्र पर किसानों का खरीदा गया गेहूं खुले में रखा होने से बारिश में भीगने और खराब होने की आशंका बढ़ गई है। लगातार बदलते मौसम और मानसून की आहट के बीच किसानों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
खरीद केंद्र पर अब तक लगभग 500 कुंतल गेहूं की खरीद की जा चुकी है, जबकि केंद्र का गोदाम पूरी तरह भर चुका है। जगह की कमी के कारण काफी मात्रा में गेहूं खुले आसमान के नीचे रखा गया है। यदि बारिश होती है तो खुले में रखा गेहूं भारी नुकसान का शिकार हो सकता है। वहीं गोदामों के ऊपर लगी टीनशेड भी क्षतिग्रस्त बताई जा रही हैं, जिससे अंदर रखा गेहूं भी सुरक्षित नहीं माना जा रहा। दूसरी ओर क्षेत्र के कई किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में गेहूं लादकर खरीद केंद्र पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि समय पर उठान न होने से परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। खरीद केंद्र प्रभारी ने बताया कि गोदाम भरने की सूचना जिला अधिकारियों को दे दी गई है। एफसीआई गोदाम तक गेहूं पहुंचाने वाले ठेकेदार को भी जल्द उठान के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जैसे ही गोदाम खाली होगा, किसानों के गेहूं की खरीद में तेजी लाई जाएगी।