जालौन
घंटे के भीतर पुलिस ने खोज निकाला लापता किशोर, परिजनों को सौंपा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
माधौगढ़ (जालौन)। जनपद जालौन के थाना रेंढ़र पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर एक लापता किशोर को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम महतवानी निवासी विजय प्रताप पुत्र रामलखन जाटव ने थाना रेंढ़र में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनका 16 वर्षीय पुत्र आदेश कुमार 14 मई की शाम करीब 4 बजे नाराज होकर घर से कहीं चला गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष रेंढ़र ने पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार तथा क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज यादव के निर्देशन में गुमशुदा कि तत्काल खोजबीन शुरू कराई और साइबर सेल की मदद से किशोर के मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस कराई गई। जांच में आदेश कुमार की लोकेशन रेलवे स्टेशन फरीदाबाद पाई गई। इसके बाद पुलिस ने फरीदाबाद में रह रहे उसके भाई अंशुल कुमार से संपर्क किया। पुलिस के निर्देश पर अंशुल मौके पर पहुंचा और किशोर को सकुशल अपने साथ ले लिया। बाद में पुलिस ने आदेश कुमार को उसके पिता विजय प्रताप के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।


