शामली
गौकशी और पुलिस मुठभेड़ मामले में 5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, तमंचा बरामद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
कांधला। थाना कांधला पुलिस ने मोहल्ला खैल में हुई गौकशी और पुलिस मुठभेड़ की घटना में वांछित चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 12 मई 2026 को एडीजी जोन मेरठ के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष सत्यापन अभियान के दौरान थाना कांधला पुलिस मोहल्ला खैल स्थित खलील पुत्र जमील के घर सत्यापन और चेकिंग के लिए पहुंची थी। पुलिस को मौके पर संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर जब घर का दरवाजा खोला गया तो खलील अपने पुत्रों के साथ गौकशी करता मिला।
बताया गया कि पुलिस टीम को देखकर खलील ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। इस दौरान उसके दोनों पुत्र नदीम और नावेद छत के रास्ते फरार हो गए थे, जबकि खलील पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया था।
घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक शामली के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कांधला पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी नदीम पुत्र खलील निवासी मोहल्ला खैल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार वर्मा, कांस्टेबल नितिन कुमार और कांस्टेबल मोनू नागर शामिल रहे।


