मेरठ

दीपावली पर अग्नि सुरक्षा को लेकर डीआईजी के सख्त निर्देश, अलर्ट रहेंगे दमकल वाहन

अस्पतालों के बर्न वार्ड में उचित व्यवस्था रखने के निर्देश, आपात स्थिति में 112 या 101 पर करें कॉल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मेरठ। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान आग लगने की घटनाओं की आशंका को देखते हुए डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अग्निशमन विभाग और परिक्षेत्र के सभी थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा मानकों का हर स्तर पर पालन कराया जाए और अग्निशमन वाहन व उपकरण पूरी तरह क्रियाशील एवं तैयार रहें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल 112 या 101 हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देने की अपील की गई है।

डीआईजी ने निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान भीड़ भाड़ वाले समय में शहर के महत्वपूर्ण स्थानों पर दमकल गाड़ियों की तैनाती की जाए। अग्निशमन केंद्रों पर उपलब्ध कर्मचारियों और उपकरणों को हर समय तैयार रखा जाए तथा आपात कॉल मिलते ही न्यूनतम समय में घटनास्थल पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। जरूरत पड़ने पर स्थानीय निजी अग्निशमन सेवाओं से भी समन्वय स्थापित किया जाए।

उन्होंने आतिशबाजी की अस्थायी दुकानों, भंडारण, निर्माण और परिवहन में विस्फोटक नियमावली-2008 के प्रावधानों का पालन कराने के निर्देश दिए। पूर्व में आतिशबाजी की दुकानें लगाने वाले व्यापारियों के साथ थाना स्तर पर बैठक कर उन्हें सुरक्षा मानकों की जानकारी देने और दुकानों के लिए जारी अनुमति की प्रति जिला प्रभारी को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

डीआईजी ने दमकल कर्मियों को गमबूट, डांगरी और सुरक्षा चश्मे जैसे उपकरणों का उपयोग करने तथा वाहनों में ब्लैंकेट, जेल ब्लैंकेट और स्ट्रेचर रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही आग बुझाने के लिए उपलब्ध जल स्रोतों की सूची तैयार कर सभी जिला नियंत्रण कक्षों में प्रदर्शित करने को कहा गया है।

अस्पतालों के बर्न वार्ड में भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्कता एवं तत्परता से काम करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button