कैराना
खेत की तारबंदी और दीवार तोड़ कब्जे की कोशिश का आरोप, चार लोगों पर मुकदमा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कैराना। गांव गोगवान में कृषि भूमि को लेकर विवाद गहरा गया है। हरियाणा के गन्नौर निवासी एक किसान ने खेत की तारबंदी और रेडीमेड दीवार तोड़कर भूमि पर कब्जे का प्रयास करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ कोतवाली कैराना में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
हरियाणा के गन्नौर निवासी राममेहर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी सुदेश के नाम गांव गोगवान में 14 बीघा कृषि भूमि है, जिसे बैनामे के माध्यम से खरीदा गया था। भूमि की सुरक्षा के लिए खेत के चारों ओर खंभे लगाकर तारबंदी कराई गई थी।आरोप है कि 10 मई को गांव भूरा निवासी मतलूब, उसके पुत्र नौशाद व इरशाद तथा गांव पांवटीकलां निवासी अमित ने मिलकर खेत की तारबंदी को नुकसान पहुंचाया ।आरोपियों ने करीब 20 खंभे और 120 सीमेंट के तख्ते तोड़ दिए, जिससे हजारों रुपये की क्षति हुई।पीड़ित का कहना है कि शिकायत के बावजूद आरोपियों के हौसले कम नहीं हुए और 17 मई को दोबारा खेत पर पहुंचकर रेडीमेड दीवार तोड़ दी गई। साथ ही भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास किया गया। मामले की सूचना यूपी-112 पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।राममेहर ने बताया कि खेत की देखरेख कर रहे कौसर ने घटना का वीडियो भी बनाया है। आरोप है कि आरोपी लगातार उन्हें परेशान कर रहे हैं और कम कीमत पर जमीन बेचने का दबाव बना रहे हैं। विरोध करने पर उन्हें, उनके परिवार और खेत की देखरेख कर रहे व्यक्ति को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित ने भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका जताते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली कैराना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मतलूब, नौशाद, इरशाद और अमित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।