मथुरा
मथुरा के उत्तरी बाईपास पर टोल प्लाजा शुरू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। फरह के उत्तरी बाईपास पर अब लोग टोल टैक्स देकर फर्राटा भर सकेंगे। जेपी इंन्फ्राटेक ने बल्देव क्षेत्र के गांव मिडावली पर बने टोल प्लाजा को शुरू कर दिया है। हालांकि बाईपास काफी समय पहले चालू कर दिया था, लेकिन अभी तक इस पर वाहन चालक बिना टोल टैक्स दिए गुजर रहे थे। यहां चार पहिया के साथ दोपहिया वाहनों से भी टोल वसूला जा रहा है। 4 दिसंबर 2025 को चालू हुए 14 किमी लंबे बाईपास के निर्माण में 325 करोड़ रुपये की लागत आई है। टोल पर स्कूटर, बाइक का 45 रुपये, कार 95, मिनी ट्रक 145, बस 295 रुपये एवं ट्रक से 450 रुपये का टोल टैक्स लिया जाएगा। वहीं 6 एक्सल से ऊपर के वाहनों को 580 रुपये टोल शुल्क अदा करना होगा। यह सभी शुल्क सिंगल यात्रा के हैं, डबल यात्रा पर टोल में 20 प्रतिशत छूट दी जाएगी। प्लाजा मैनेजर तुलसीराम गुर्जर ने बताया कि आरटीपी 141 टोल प्लाजा 15 मई से शुरु हो गया है। यह प्लाजा परी चौक नोएडा से 141 किमी की दूरी पर है। वाहनों से फास्टटैग, यूपीआई के जरिये शुल्क लिया जा रहा है। वाहन चालक कैश में भी शुल्क अदा कर सकते हैं। यह बाईपास गांव पौरी एवं रैपुराजाट से शुरु होकर सादाबाद के गांव मिडावली के समीप यमुना एक्सप्रेस वे में लिंक है। यह बाईपास एनएच 19 के चैनल नं. 174 से यमुना एक्सप्रेस वे के चैनल नं. 141 को जोड़ते हुए मथुरा, बलदेव, महावन, सादाबाद से गुजरता है।



