अमड़ापाड़ा में 50 लाख की रंगदारी मांगने का मामला उजागर, दो गिरफ्तार, पुल एवं सड़क निर्माण कार्य में तैनात गार्ड को दी गई थी धमकी भरी पर्ची
A case of extortion of Rs 50 lakh has been exposed in Amdapada, two arrested; a threatening note was given to a guard deployed for bridge and road construction.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। अमड़पाड़ा थाना क्षेत्र में सड़क एवं पुल निर्माण कार्य में तैनात गार्ड को 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने संबंधी पर्ची देने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले का उद्भेदन कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 15 मई 2026 को सूचना प्राप्त हुई थी कि 14 मई 2026 की रात बीजीआर कोल माइंस कंपनी द्वारा ब्रिज नंबर-2 पर कराए जा रहे सड़क एवं पुल निर्माण कार्य स्थल पर तैनात गार्ड को दो अज्ञात व्यक्तियों ने लाल रंग से लिखी एक पर्ची दी। पर्ची में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) एवं टीपीसी के नाम पर 50 लाख रुपये रंगदारी की मांग की गई थी। घटना के संबंध में बीजीआर कोल कंपनी के पदाधिकारी मृणमय मित्रा के लिखित तहरीर के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 34/2026 विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर महेशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी आसूचना के आधार पर छापेमारी कर अप्राथमिकी अभियुक्त चांद हांसदा उर्फ चूटरोय एवं चानुस सोरेन, दोनों अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र निवासी, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के अनुसार पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि छापेमारी दल में एसडीपीओ विजय कुमार, थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा, एसआई चंदन कुमार सिंह, एसआई पप्पू कुमार, एएसआई अमित कुमार राय, तकनीकी शाखा पुलिस अधीक्षक आवासीय कार्यालय पाकुड़ के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तथा अमड़ापाड़ा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



