खैरथल
जिला परिवहन अधिकारी सहित 6 विभागों के अधिकारियों के अनुपस्थित होने पर कारण बताओं नोटिस जारी
जिला स्तरीय जनसुनवाई में 75 प्रकरणों की सुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा । त्रिस्तरीय जनसुनवाई के तहत तीसरे गुरूवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई जिला कलक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में जिला सचिवालय खैरथल-तिजारा सभागार में आयोजित की गई। इस दौरान जिला कलक्टर ने आमजन की परिवेदनाओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिये। जनसुनवाई में 75 प्रकरण सुन अधिकारियों को जल्द निस्तारण के निर्देश।
जिला स्तरीय जनसुनवाई में कुल 75 प्रकरण प्राप्त हुए। जिनमें प्रमुख रूप से किसान सम्मान निधि, पथरगढ़ी, आम रास्ते का निर्माण, साफ सफाई, राशन दुकान खुलवाने, आगजनी में सहायता, बटवारा के प्रकरण, अवैध कब्जा के प्रकरण, श्रमिक कल्याण योजना, जन आधार से नाम हटाने, पट्टा जारी करवाने, जोगीवाड़ा स्थित शराब का ठेका व आरा मशीन हटवाने, श्मशान घाट हेतु भूमि आवंटन निर्माण, श्रमिक शिक्षा के तहत छात्रवृत्ति, पेयजल की सप्लाई सुचारु कराने, पानी को बहाव को रोकने हेतु नाका बनवाने, पीएम आवास योजना के तहत बने मकान की जिओ टैगिंग कर नरेगा भुगतान करवाने, इंतकाल खुलवाने, भूमि अवाप्त का मुआवजा दिलाने, सड़क ,आवासीय पट्टा बनवाने, नामांतरण, जमीन विवाद सहित विभिन्न विषयों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुई। उन्होंने पानी की समस्या के परिवादों पर अधीक्षण अभियंता पीएचईडी को परिवादी के वार्ड 34 में जाकर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेकर समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए। पीएम सम्मान निधि योजना एवं पेंशन योजना के लाभार्थियों का वेरिफिकेशन करवा कर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने सीमाज्ञान, पत्थरगढ़ी, अतिक्रमण हटाने, रास्ता खुलवाने जैसे परिवादों में उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार को तत्काल रूप से आवश्यक कार्रवाई करते हुए निस्तारित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान परिवादी की शिकायत पर विवाह पंजीयन सर्टिफिकेट बनाने में अनावश्यक रूप से देरी एवं लापरवाही, साथ ही परिवादी को बार-बार चक्कर काटने के लिए जिला कलेक्टर ने ग्राम विकास अधिकारी भोंकर मिंटू पर अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में प्राप्त प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आमजन के प्रति पूर्ण जवाबदेही रखते हुए प्रत्येक समस्या का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि परिवादियों को वास्तविक राहत मिल सके। साथ ही आगामी साप्ताहिक समीक्षा बैठक में निस्तारित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि अधिकारियों द्वारा किए गए निस्तारण की गुणवत्ता कैसी रही तथा परिवादी के कार्य का वास्तविक रूप से समाधान हुआ है या नहीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की भावना के अनुरूप आमजन को अधिक से अधिक राहत देने के लिये सभी विभाग-अधिकारी मिलकर काम करें ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन लाभान्वित हो सके।
जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने जनसुनवाई के दौरान जिला परिवहन अधिकारी भिवाड़ी एवं खैरथल राजीव चौधरी एवं सविता भारद्वाज, क्षेत्रीय अधिकारी पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड अमित जुयाल, रीको प्रथम एवं द्वितीय शिवकुमार एवं अखिल अग्रवाल, हाउसिंग बोर्ड पीएल मीणा, श्रम विभाग प्रज्ञा शर्मा एवं अधिशासी अधिकारी नगर पालिका किशनगढ़ बास राहुल को अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी किए।
जनसुनवाई के दौरान प्रधान बद्री प्रसाद सुमन, अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट, उप पुलिस अधीक्षक जया सिंह, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी धर्मवीर यादव, अधीक्षण अभियंता सार्वजनिक निर्माण विभाग ओमप्रकाश किराड, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक रमेश दहमीवाल , सीएमएचओ अरविंद गेट, अधीक्षण अभियंता बिजली विभाग जेपी बैरवा, नगर परिषद आयुक्त मुकेश शर्मा, सहायक निदेशक आयुर्वेद विभाग अजीत सिंह बालयाण, एसीएफ संजय चौधरी, जीएमडीआईसी अभिनेंद्र सैनी सभी जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी एवं वीसी के माध्यम से उपखंड स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


