पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय में चोरी का खुलासा, एक गिरफ्तार, चोरी का सामान बरामद, आरोपी पर पूर्व से दर्ज हैं कई मामले
Theft at the Drinking Water and Sanitation Division office uncovered, one arrested, stolen goods recovered, accused with several previous cases registered against him

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय, पाकुड़ में चोरी का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 20 मई 2026 की रात अज्ञात चोरों द्वारा कार्यालय में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। घटना के संबंध में कार्यपालक अभियंता अनंत प्रसाद के लिखित तहरीर के आधार पर नगर थाना कांड संख्या 111/2026 विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया। मामले के अनुसंधान एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसडीपीओ दयानंद आजाद के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए मामले में संलिप्त एक अपराधकर्मी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुए समरसेबल पंप का कॉपर तार करीब 50 फीट तथा एक चाकू बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान हबीब शेख उर्फ काबिल शेख उर्फ सूरज (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पाकुड़ नगर के बल्लभपुर का निवासी है। एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध नगर थाना, पाकुड़ मुफस्सिल थाना तथा आरपीएफ पोस्ट पाकुड़ में विभिन्न धाराओं के तहत पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, एएसआई आशीष कुमार राम, एएसआई सविता कुमारी एवं नगर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।



