खैरथल

डीएसटी और खैरथल पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

नकदी-सट्टा पर्चियां बरामद; शहर में लंबे समय से फल-फूल रहे अवैध कारोबार पर शिकंजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल : शहर में लंबे समय से अलग-अलग इलाकों में फैल रहे अवैध सट्टा कारोबार पर गुरुवार देर रात खैरथल पुलिस और डीएसटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भाजपा के पूर्व पार्षद पति सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकदी, सट्टा पर्चियां, कॉपियां और डायरी बरामद की हैं। कार्रवाई के बाद शहर में हड़कंप मच गया, वहीं पूरे मामले को लेकर राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।
जानकारी के अनुसार खैरथल शहर में सब्जी मंडी के पास, हरसोली रोड स्थित राजकीय सेटेलाइट हॉस्पिटल के आसपास, रेलवे स्टेशन मार्ग तथा कुठली क्षेत्र में लंबे समय से बड़े स्तर पर सट्टा कारोबार संचालित होने की चर्चाएं लगातार चल रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार पुलिस कार्रवाई के बावजूद सटोरिये हर बार बच निकलते थे और अवैध कारोबार लगातार जारी था। खैरथल थानाधिकारी रामकिशन यादव ने बताया की बुधवार रात डीएसटी टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि हेमू कल्याणी चौक से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सीसी रोड के मोड़ पर बड़े स्तर पर सट्टा गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना पर खैरथल थाना पुलिस एवं डीएसटी टीम ने संयुक्त रूप से दबिश दी। पुलिस ने मौके से चार लोगों को सट्टा कारोबार करते रंगे हाथों पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा के पूर्व पार्षद पति अनिल कुमार उर्फ हन्नी गोरवानी पुत्र ईश्वरदास गोरवानी निवासी आनंदनगर, वेदप्रकाश पुत्र श्यामूमल सिंधी निवासी आनंदनगर, ललित उर्फ मन्नू पुत्र शंकरलाल सिंधी निवासी आनंदनगर तथा जीतू चंदानी उर्फ गुड्डा पुत्र मिर्चूमल सिंधी निवासी आनंदनगर शामिल हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 21 हजार 570 रुपए नकद, तीन कॉपियां, एक डायरी और चार सट्टा पर्चियां बरामद की हैं। मामले में थाना खैरथल में मुकदमा संख्या 184/2026 धारा 318(4), 112(2) बीएनएस एवं 13 आरपीजीओ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस कार्रवाई में एएसआई रमेशचंद, कांस्टेबल विजय सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, डीएसटी प्रभारी सद्दीक खान तथा टीम सदस्य बृजेश की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शहर में चर्चा है कि लंबे समय से राजनीतिक संरक्षण और प्रभाव के चलते कुछ लोग खुलेआम सट्टा कारोबार संचालित कर रहे थे। पुलिस की इस कार्रवाई को खैरथल में अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी और प्रभावी कार्रवाई माना जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस कार्रवाई की सराहना करते हुए शहर में लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button