बरेली
डॉ. तनु जैन की मौजूदगी में धोपेश्वर नाथ सरोवर पर भव्य दीपोत्सव
दीपों और रंगीन रोशनी से जगमगाया ऐतिहासिक स्थल

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। श्री धोपेश्वर नाथ सरोवर पर मंगलवार शाम भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। कैंट बोर्ड की मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) डॉ. तनु जैन की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में सरोवर का नजारा देखते ही बन रहा था। दीपों की जगमगाहट और रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनी से पूरा परिसर रोशन हो उठा। हाल ही में कैंट बोर्ड बरेली की ओर से पुनर्जीवित एवं सौंदर्यीकृत किए गए सरोवर पर आयोजित दीपोत्सव में कैंट बोर्ड के अधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सरोवर के चारों ओर की गई आकर्षक सजावट और लाइटिंग ने लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर सीईओ डॉ. तनु जैन की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। सरोवर के पानी में प्रतिबिंबित होती रोशनी और दीपों की छटा ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया। कैंट बोर्ड की ओर से सरोवर के पुनर्जीवन और सौंदर्यीकरण के लिए किए गए प्रयासों की दीपोत्सव के माध्यम से सुंदर झलक देखने को मिली। इस आयोजन ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संजोने के साथ ही ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने कैंट बोर्ड की इस पहल की सराहना की और सरोवर के बदले हुए स्वरूप को सराहनीय प्रयास बताया।



