ललितपुर

चौकाबाग में जल निकासी समस्या के समाधान को लेकर सक्रिय हुई नगर पालिका

बरसात से पहले नपाध्यक्ष ने किया स्थलीय निरीक्षण, नाला निर्माण के दिए संकेत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए नगर में जलभराव की समस्या से निपटने और साफ-सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नगर पालिका परिषद सक्रिय हो गई है। इसी क्रम में रविवार को नपाध्यक्ष सोनाली जैन ने राजस्व विभाग एवं नगर पालिका टीम के साथ वार्ड नंबर-14 स्थित मोहल्ला रावतयाना चौकाबाग का स्थलीय निरीक्षण कर क्षेत्र की समस्याओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद प्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने नपाध्यक्ष को बताया कि मोहल्ले में लंबे समय से जल निकासी की गंभीर समस्या बनी हुई है। बरसात के दौरान सड़कों पर पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और आवागमन भी प्रभावित होता है। क्षेत्र में समुचित नाला व्यवस्था नहीं होने से हालात और अधिक खराब हो जाते हैं। मोहल्लेवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए नपाध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया तथा जल निकासी के संभावित मार्गों का अवलोकन किया। इस दौरान संबंधित भू-स्वामी से भी वार्ता कर समस्या के स्थायी समाधान को लेकर चर्चा की गई। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि नगर के प्रत्येक वार्ड में नाला एवं नालियों के निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि बरसात में किसी भी वार्ड में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर चौकाबाग क्षेत्र में जल निकासी का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। नपाध्यक्ष ने कहा कि नगर पालिका परिषद शहर को साफ, सुंदर एवं स्वच्छ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। कई वार्डों में नाला निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं और चौकाबाग क्षेत्र की समस्या का भी शीघ्र समाधान कराया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में क्षेत्रवासियों को जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि मुन्नालाल जैन, कर निर्धारण अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि आनंद यादव, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, प्रभारी सफाई निरीक्षक महेंद्र सिंह यादव, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, सदर लेखपाल सूरज, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार, डीपीएम दीपक कुमार, स्वास्थ्य नायक रामू पहलवान सहित नगर पालिका एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button