खैरथल
जिला कलेक्टर ने किया सीएचसी हरसोली, मुंडावर एवं अलीबख्श पैनोरमा का निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश ने मंगलवार को सीएचसी हरसोली, सीएचसी मुंडावर तथा अलीबख्श पैनोरमा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई, जांच व्यवस्थाओं एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने अस्पतालों की बेड क्षमता, भर्ती मरीजों की संख्या, उपलब्ध दवाइयों, स्टोरेज हाउस एवं विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा प्रदत्त सभी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद मरीज तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
सीएचसी हरसोली के निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर ने ओपीडी में पहुंचकर मरीजों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने लैब का निरीक्षण कर मुख्यमंत्री निशुल्क जांच योजना के तहत प्रतिदिन की जा रही जांचों की संख्या एवं गुणवत्ता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने भर्ती वार्ड में पहुंचकर मा योजना के तहत बुक किए गए पैकेजों की जानकारी ली तथा भर्ती मरीजों से सुविधाओं का फीडबैक लिया। दवा वितरण केंद्र एवं स्टोर रूम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने नियर एक्सपायरी दवाइयों के समय पर वितरण एवं एक्सपायरी के बाद उनके उचित निस्तारण के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिला कलेक्टर ने सीएचसी मुंडावर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने डेंटल विभाग में पहुंचकर चिकित्सकों से दैनिक कार्य प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड, एक्स-रे रूम, लेबर रूम एवं अन्य चिकित्सा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कंप्यूटर ऑपरेटर के माध्यम से पीसीटीएस एवं आईएचएमएस पोर्टल पर फीड किए जा रहे आंकड़ों की जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीएचसी मुंडावर स्थित ब्लॉक प्रोग्राम हेल्थ यूनिट की लैब का भी अवलोकन किया।
इस दौरान जिला कलेक्टर ने अलीबख्श पैनोरमा भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां गुरुवार को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही परिसर में समुचित साफ-सफाई एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए।


