मथुरा

छाता के तारकोल प्लांट में भीषण आग

पानी नहीं कर पाया लपटों पर काबू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

मथुरा। छाता में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर स्थित इंडियन ऑयल टोटल प्राइवेट लिमिटेड (तारकोल प्लांट) में बुधवार सुबह एक टैंकर में माल लोड करते समय अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। प्लांट में मौजूद कर्मचारियों के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे मशीनों द्वारा कच्चे माल को प्रोसेस कर तारकोल बिटुमिन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान तैयार माल को एक गाड़ी (टैंकर) में लोड किया जा रहा था। तभी अत्यधिक तापमान होने की वजह से अचानक लपटें उठने लगीं। आग को बढ़ता देख फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों ने भागकर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। हादसे की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय स्तर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। हालांकि, तारकोल की आग इतनी बेकाबू थी कि दमकल की गाड़ियों का पानी भी खत्म हो गया और आग शांत नहीं हुई। स्थिति बिगड़ती देख आनन-फानन में मथुरा से केमिकल युक्त विशेष दमकल बुलाई, दो घंटे बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button