हजारीबाग

अवैध कोयला लदे ट्रक ने दो लोगों की ली जान, तस्करी के खिलाफ फूटा जनाक्रोश।

सदर अस्पताल में घायल ने भी तोड़ा दम, सड़क जाम कर ग्रामीणों ने की कार्रवाई और मुआवजे की मांग।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग चुरचू थाना क्षेत्र में रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कथित रूप से अवैध कोयला लदे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के बोदरा के समीप रविवार शाम करीब साढ़े छह बजे कोयला लदे ट्रक ने स्कूटी सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक स्कूटी को करीब 100 फीट तक घसीटते हुए ले गया। हादसा इतना भयावह था कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान आकाश हांसदा (28 वर्ष) पिता सोहराय हांसदा तथा राजेंद्र बास्के, पिता मोतीलाल बास्के, दोनों निवासी बोदरा निमटोला चुरचू के रूप में हुई है। आकाश पेशे से फर्नीचर मिस्त्री थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। राजेंद्र बास्के को गंभीर अवस्था में सदर अस्पताल हजारीबाग भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई। बताया जाता है कि दोनों सारूबेड़ा गांव में एक रिश्तेदार के यहां शोक कार्यक्रम में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क जाम कर दिया और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रशासन से इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध कोयला भंडारण और तस्करी का कारोबार संचालित हो रहा है। प्रतिदिन कई ट्रकों के माध्यम से कोयला विभिन्न राज्यों में भेजा जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध कोयला परिवहन के कारण सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और निर्दोष लोगों की जान जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध कोयला कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने, दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा मृतकों के आश्रित परिवारों को उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button