संभल

संभल में गंगा स्नान पर अलीगढ़ के दो युवकों की डूबने से मौत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

संभल। गुन्नौर तहसील क्षेत्र के सांकरा गंगा घाट पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा स्नान के दौरान अलीगढ़ के दो युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि उनके एक साथी को स्थानीय गोताखोरों ने सुरक्षित बचा लिया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार अलीगढ़ जिले के गांव आलमपुर निवासी विनोद कुमार के यहां श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा था। कथा के समापन पर कलश विसर्जन के लिए ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली से सांकरा गंगा घाट पहुंचे थे। दोपहर करीब दो बजे गंगा स्नान के दौरान भरतुआ गांव निवासी 24 वर्षीय श्याम पुत्र उदयवीर और विजयगढ़ क्षेत्र के गौलारा गांव निवासी 25 वर्षीय प्रवीण पुत्र लेखराज अपने एक मित्र के साथ गहरे पानी में चले गए।

बताया जाता है कि तेज बहाव के कारण पहले श्याम डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में प्रवीण और उनका साथी भी पानी में फंस गए। घाट पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो स्थानीय गोताखोर तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। गोताखोरों ने एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन श्याम और प्रवीण गहरे पानी में समा गए।

करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला गया और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और माहौल गमगीन हो गया। परिजनों के अनुरोध पर पुलिस ने पोस्टमार्टम नहीं कराया तथा पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिए।

वर्जन —थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवकों को बाहर निकाला गया, लेकिन दो युवकों की गंगा में डूबने से मौत हो गई। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर दी गई है।

हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button