ललितपुर

राम वन गमन, केवट संवाद और दशरथ मरण की लीला देख भाव-विभोर हुए दर्शक

बांसी रामलीला के पांचवें दिन उमड़ा जनसैलाब

आईएफएस में चयनित रजत त्रिपाठी ने की प्रथम आरती और 11 हजार रुपये भेंट किए
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बांसी (ललितपुर)। कस्बे के श्री हनुमानजी टौरिया मंदिर मेला मैदान में मंदिर समिति के तत्वावधान में आयोजित रामलीला के पांचवें दिन शनिवार को राम वन गमन, केवट संवाद और दशरथ मरण की मार्मिक लीलाओं का मंचन किया गया। स्थानीय कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों को देखकर दर्शक भाव-विभोर हो गए। रामलीला देखने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। लीला में राजा दशरथ द्वारा भगवान राम के राज्याभिषेक की तैयारी, मंथरा के बहकावे में रानी कैकेयी द्वारा भरत को राजगद्दी और राम को 14 वर्ष का वनवास मांगने का प्रसंग दिखाया गया। राम, लक्ष्मण और सीता वनगमन के दौरान निषादराज गुह से मिलते हैं। गंगा तट पर केवट भगवान के चरण धोकर तीनों को नाव से पार कराता है। उतराई में माता सीता की अंगूठी देने पर केवट कहता है, हमने आपको गंगा पार उतारा है, आप हमें भवसागर से पार उतारना। इसके बाद राम के वन से न लौटने का समाचार सुनकर राजा दशरथ राम-राम कहते हुए प्राण त्याग देते हैं। बचपन में 12 वर्ष तक रामलीला में राम का अभिनय करने वाले स्वर्गीय रामनारायण तिवारी के पुत्र कुलदीप तिवारी और उनके पौत्र, इसी वर्ष भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) में चयनित रजत त्रिपाठी ने श्रीराम की झांकी की प्रथम आरती कर 11 हजार रुपये का दान भेंट किया। लीला के प्रमुख पात्रों में राम-पार्थ रमाकांत गोस्वामी, लक्ष्मण-नमन सत्येंद्र बुंदेला, सीता-अभिनव राजेश झा, दशरथ-भाई जी, सुमंत्र-रामकिशोर बबेले, कैकेयी-सोनेजू बुंदेला, निषादराज-भानसिंह, केवट-जय सिंह और विश्वामित्र-नीरज गंगेले सहित सुनील नामदेव, निमित गुप्ता, लक्ष्य झा व अनिल गुप्ता ने अभिनय किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button