गाजियाबाद
लोनी में नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश
छह महिला समेत 12 आरोपी गिरफ्तार

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी, गाजियाबाद। ट्रॉनिका सिटी थाना पुलिस ने नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए छह महिलाओं समेत 12 लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11 दिन की एक नवजात बच्ची को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन वाहन और करीब 2.90 लाख रुपये के नकली नोट भी बरामद किए हैं।
सहायक पुलिस आयुक्त लोनी सिद्धार्थ गौतम के अनुसार, 26 मई को एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नवजात बच्ची को पूजा नामक महिला चोरी कर ले गई और बाद में उसे मनोज उर्फ मोनू को सौंप दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉनिका सिटी पुलिस और ग्रामीण जोन की स्वाट टीम को जांच में लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
जांच में पता चला कि गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को अपना निशाना बनाता था। आरोपी पूजा महिलाओं को यह कहकर झांसा देती थी कि उनके नवजात बच्चों को संपन्न परिवारों में गोद दिलाया जाएगा और उसके बदले में तुमको अच्छी रकम दी जाएगी। इसके बाद बच्चों को दूसरे राज्यों में ले जाकर बेच दिया जाता था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह बच्चों की खरीद-फरोख्त में नकली नोटों का इस्तेमाल करता था। जिन लोगों से बच्चे लिए जाते थे, उन्हें असली पैसों का भरोसा देकर नकली करेंसी थमा दी जाती थी। पुलिस के मुताबिक गिरोह लंबे समय से लोनी क्षेत्र में सक्रिय था और इसका नेटवर्क कई राज्यों से लेकर आंध्र प्रदेश तक फैला हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के निवासी शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े फरार आरोपी राजू, कुमकुम और दीप्ति समेत अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। साथ ही बच्चों की तस्करी से जुड़े पुराने मामलों की भी जांच की जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त लोनी सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि गिरोह के पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।





