गोड्डा
जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट की प्रबंधकीय समिति की बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) की प्रबंधकीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएमएफटी मद से संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति, पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने डीएमएफटी अंतर्गत संचालित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने डीएमएफटी टीम को उप विकास आयुक्त के साथ समन्वय स्थापित कर वित्तीय एवं भौतिक आवश्यकताओं के अनुरूप वार्षिक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। साथ ही बड़े एवं महत्वाकांक्षी परियोजनाओं के लिए पृथक कार्ययोजना तैयार करने तथा डीएमएफटी की सभी इकाइयों की नियमित अंतराल पर बैठक आयोजित करने पर बल दिया।
उपायुक्त ने डीएमएफटी से संबंधित ऑनलाइन पोर्टल में योजनाओं की अद्यतन जानकारी, वित्तीय प्रगति एवं अन्य आवश्यक विवरणों की समय पर प्रविष्टि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पोर्टल पर दर्ज सूचनाओं का नियमित पर्यवेक्षण किया जाए, ताकि योजनाओं की वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन संभव हो सके। बैठक में अंकेक्षण संबंधी विषयों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंकेक्षक दल के साथ समन्वय स्थापित कर डीएमएफटी का अंकेक्षण प्रतिवेदन शीघ्र प्राप्त कर उपलब्ध कराया जाए तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने वित्तीय वर्ष 2016-17 से 2021-22 तक डीएमएफटी मद से संचालित सभी योजनाओं की उपयोगिता एवं प्रभावशीलता की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के वास्तविक लाभ एवं परिणामों का मूल्यांकन भविष्य की कार्ययोजनाओं के निर्माण में सहायक होगा। बैठक में मलेरिया एवं कालाजार उन्मूलन अभियान की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को इन रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में प्रभावी हस्तक्षेप करते हुए अभियान को सफल बनाया जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार, उप विकास आयुक्त विस्पुते श्रीकांत यशवंत, डिविजनल फॉरेस्ट ऑफीसर पवन बाघ, सिविल सर्जन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं डीएमएफटी विभाग के कर्मी उपस्थित थे।



