ललितपुर

कटरा बाजार-मउठाना में गंदे पानी की शिकायत पर जल संस्थान की टीम ने किया निरीक्षण

अधिशासी अभियंता ने मौके पर पहुंचकर जांची पेयजल गुणवत्ता, शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के कटरा बाजार एवं मउठाना क्षेत्र में लंबे समय से गंदे पानी की आपूर्ति की शिकायतों के बाद जल संस्थान के अधिकारियों ने प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। क्षेत्रीय सामाजिक कार्यकर्ता अंकुर सानू बाबा द्वारा समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को क्षेत्रवासियों ने गंदे पानी की समस्या से अवगत कराया तथा प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर पानी की वास्तविक स्थिति दिखाई। इस दौरान जल संस्थान के अधिशासी अभियंता मुंशीलाल ने स्वयं पानी की गुणवत्ता का परीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को समस्या के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। लोगों ने अधिकारियों से कहा कि सभी नागरिक अपने घरों में वाटर फिल्टर लगाने में सक्षम नहीं हैं, इसलिए विभाग की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि गंदे पानी की आपूर्ति से लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और क्षेत्रवासियों में चिंता का माहौल बना हुआ है। जल संस्थान के अधिकारियों ने समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि गंदे पानी की आपूर्ति के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तकनीकी खामियों को चिन्हित कर जल्द ही स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, जिससे क्षेत्रवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता मुंशीलाल अपनी टीम सहित उपस्थित रहे। उनके साथ अवर अभियंता रिजवान सिद्दीकी, अवर अभियंता राहुल साहू, सुरेंद्र पाल सिंह यादव, मुन्ना सिरौठिया, अंकुर सानू बाबा, अंकित सराफ (मोनू) तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। क्षेत्रवासियों ने अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किए जाने पर संतोष व्यक्त किया और शीघ्र समाधान की अपेक्षा जताई।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button