ललितपुर

कचहरी गेट पर महिला से 20 हजार की रंगदारी वसूली

राजीनामा न करने पर दी जान से मारने की धमकी

कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, जांच शुरू
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। कचहरी के बाहर एक महिला और उसकी बेटी को रोककर पुराने मुकदमे में राजीनामा करने का दबाव बनाने तथा जान से मारने की धमकी देकर 20 हजार रुपये वसूलने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कल्यानपुरा निवासी एवं वर्तमान में आजादपुरा में रह रही कपूरी पत्नी अंगद शनिवार को अपनी पुत्री रश्मि राजपूत के साथ एक पुराने मुकदमे की तारीख की जानकारी लेने कचहरी पहुंची थीं। आरोप है कि जब वह कचहरी परिसर के मुख्य गेट के बाहर पहुंचीं, तभी वहां पहले से मौजूद पलैया कालोनी निवासी अरविंद एवं संतोष पुत्र सुरेश कुशवाहा ने उन्हें रोक लिया। पीडि़ता के अनुसार दोनों आरोपियों ने उनके द्वारा पूर्व में दर्ज कराए गए मुकदमे में राजीनामा करने का दबाव बनाया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि मुकदमे में उनके 20 हजार रुपये खर्च हुए हैं और वह रकम तत्काल वापस करनी होगी। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। कपूरी का आरोप है कि आरोपियों की धमकियों से भयभीत होकर उन्होंने अपनी सुरक्षा के लिए 20 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद भी आरोपी उन्हें दोबारा जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। पीडि़ता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी इससे पहले भी उनके घर पहुंचकर गाली-गलौज और धमकी दे चुके हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने पीडि़ता की लिखित तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 308(5) एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button