जालौन

तहसील परिसर में प्यासे फरियादी, वाटर कूलर बने शोपीस

 गर्मी में पेयजल व्यवस्था चरमराई, ठंडे पानी के लिए भटक रहे लोग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। भीषण गर्मी के दौर में जालौन तहसील परिसर की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी नजर आ रही है। परिसर में लगे वाटर कूलर या तो खराब पड़े हैं या फिर ठंडे पानी की जगह गर्म पानी दे रहे हैं, जिससे तहसील आने वाले फरियादियों, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बुधवार को तहसील पहुंचे रमेश चन्द्र कुशवाहा, मुल्लू और राजेश मंगल ने बताया कि वह अपनी समस्याओं के समाधान के लिए तहसील आए थे। प्यास लगने पर जब वे परिसर में लगे वाटर कूलर के पास पहुंचे तो वह खराब मिला। लोगों ने बताया कि संबंधित वाटर कूलर कई दिनों से बंद पड़ा है, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। फरियादियों का कहना है कि भीषण गर्मी में गला तर करने के लिए लोग ठंडे पानी की उम्मीद में इधर-उधर भटकते हैं, लेकिन निराश होकर उन्हें बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ता है। उनका कहना है कि तहसील जैसे महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय में पेयजल की समुचित व्यवस्था न होना चिंताजनक है। जानकारी के अनुसार तहसीलदार कार्यालय के समीप लगा वाटर कूलर ठंडे पानी के बजाय गर्म पानी दे रहा है, जबकि उप जिलाधिकारी कार्यालय के पास स्थापित वाटर कूलर लंबे समय से बंद पड़ा है। इससे प्रतिदिन तहसील आने वाले सैकड़ों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस स्थान पर आम जनता अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आती है, वहां पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खराब पड़े वाटर कूलरों की तत्काल मरम्मत कराकर उन्हें सुचारु रूप से संचालित कराया जाए, ताकि भीषण गर्मी में तहसील आने वाले लोगों को राहत मिल सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button