पूर्व मंत्री राजू यादव ने यूरिया संकट पर उठाई आवाज सहकारिता मंत्री को भेजा पत्र

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संभल : किसानों को यूरिया खाद की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अजीत कुमार उर्फ राजू यादव ने सहकारिता विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री को पत्र भेजकर तत्काल यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की है।
पूर्व मंत्री ने अपने पत्र में कहा है कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान उनके संज्ञान में आया कि संभल जनपद के किसान भाइयों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया खाद नहीं मिल पा रही है। इसके चलते किसान अपनी फसलों की बुआई एवं कृषि कार्य समय पर नहीं कर पा रहे हैं और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि उनके विधानसभा क्षेत्र गुन्नौर में यारा फर्टिलाइजर्स का यूरिया उत्पादन केंद्र स्थित है, जहां बड़े पैमाने पर यूरिया का उत्पादन किया जाता है। इसके बावजूद स्थानीय किसानों को खाद के लिए भटकना पड़ रहा है, जबकि यहां उत्पादित यूरिया देश के विभिन्न राज्यों में भेजा जा रहा है।
पूर्व मंत्री ने सहकारिता मंत्री से मांग की है कि किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि जनपद में यूरिया की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके और किसानों को राहत मिल सके।
इस संबंध में उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी संभल एवं मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को भी प्रेषित की है। किसानों की समस्या को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और किसान भी जल्द समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।



