अग्निशमन विभाग ने होटल और रेस्टॉरेंट में फायर NOC की जांच करी…
निरीक्षण के दौरान होटल और रेस्टोरेंट में मिली कई खामियां...

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) – दिल्ली के होटल अग्निकांड में 21 लोगों की मौत के बाद हापुड़ का फायर विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। जिलेभर में होटलों, गेस्ट हाउसों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत फायर अधिकारियों ने रेलवे रोड स्थित कई होटलों और रेस्टोरेंट्स का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। जांच के दौरान फायर एनओसी, अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी एग्जिट, फायर अलार्म सिस्टम समेत अन्य सुरक्षा इंतजामों को परखा गया।
हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रेलवे रोड स्थित आरके प्लाजा में फायर विभाग की टीम ने मॉक ड्रिल का आयोजन किया, जिसमें धुएं के माध्यम से फायर इमरजेंसी अलार्म सिस्टम की कार्यक्षमता भी जांची गई। अधिकारियों ने भवनों के रास्तों और सीढ़ियों में रखा सामान हटाने तथा आपात स्थिति में सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।
निरीक्षण के दौरान आरके प्लाजा होटल और कमल डोसा रेस्टोरेंट में फायर सेफ्टी से जुड़ी कई कमियां पाई गईं। फायर विभाग ने संबंधित संचालकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्य फायर अधिकारी अजय शर्मा का कहना है कि जिन संस्थानों में फायर सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलेगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में किसी भी आगजनी की घटना के दौरान जान-माल का नुकसान कम से कम हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
फायर अधिकारी अरशद खान ने बताया कि , फायर विभाग के दिशा निर्देशों के अनुसार हमने एक चेकिंग अभियान चलाया है जिसके तहत होटल , रेस्टोरेंट और ढाबों पर फायर की क्या स्थिति है , एनओसी सहित अन्य सभी की जांच की जा रही है । पानी की क्या स्थिति है , इसकी भी जांच की जा रही है ।



