ललितपुर
जिला महिला चिकित्सालय की नाइट ड्यूटी टीम सम्मानित
शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट ने सफल प्रसव कराने वाली 10 सदस्यीय टीम को प्रशस्ति-पत्र देकर बढ़ाया मनोबल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिला महिला चिकित्सालय की स्थापना के बाद पहली बार किसी सफल प्रसव के उपलक्ष्य में पूरी चिकित्सकीय टीम को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया। शान्ति देहदान चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जटिल परिस्थितियों में सफल नॉर्मल डिलीवरी कराने वाली 10 सदस्यीय नाइट ड्यूटी टीम को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ट्रस्ट संस्थापक खुशालचन्द्र साहू ने बताया कि संस्था के सक्रिय सदस्य देवांशु झां की पत्नी नेहा झां के प्रथम प्रसव के दौरान चिकित्सकीय स्थिति काफी जटिल थी। इसके बावजूद 3 जून 2026 को सुबह लगभग 5 बजे जिला महिला चिकित्सालय की टीम ने कुशलता, समर्पण एवं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सफल नॉर्मल डिलीवरी कराई, जिससे एक स्वस्थ पुत्र का जन्म हुआ। वर्तमान में मां और नवजात दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। ट्रस्ट द्वारा जारी प्रशस्ति-पत्र में पूरी टीम के कार्य को सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा में चिकित्सकीय निपुणता एवं मानवीय संवेदनशीलता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया गया। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि सरकारी अस्पतालों के कर्मचारियों के प्रति अक्सर शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन जिला महिला चिकित्सालय की टीम ने अपने उत्कृष्ट कार्य से सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया है। सम्मानित की गई टीम में डा.ऐमी जे.आर., स्टाफ नर्स नीतू, टेरेसा, मंजू, उर्मिला, रेशमा, मुन्नी देवी, बेबी, राजेन्द्र कुमार तथा आशा कार्यकर्ता सरिता शामिल रहीं। सभी को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके कार्य की सराहना की गई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा.गजेन्द्र सिंह एवं प्रधानाचार्य प्रतिनिधि के रूप में सर्जन डा. विशाल जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। नवजात शिशु के आगमन पर नौहर कलां परिवार कपूर सिंह झां ठेकेदार के परिवार में खुशी का माहौल है। परिवार ने बताया कि इस शिशु के जन्म के साथ परिवार की चौथी पीढ़ी का शुभारंभ हुआ है। इस अवसर पर आशा जमुना प्रसाद एवं विजय कुमार झां भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ट्रस्ट की ओर से काउंसलर वंदना मेहता, गीता मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य धनंजय यादव, वित्तीय पर्यवेक्षक जे.पी. यादव, उपाध्यक्ष अनिल साहू, अधिवक्ता आशीष साहू, अधिवक्ता राजेश शर्मा, मीडिया प्रभारी अमित लखेरा तथा देवेन्द्र साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अंकुर सानू बाबा ने किया। ट्रस्ट के इस सम्मान समारोह को स्वास्थ्य कर्मियों का मनोबल बढ़ाने और उत्कृष्ट सेवाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।



