विश्व पर्यावरण दिवस पर शामली में हरियाली का संकल्प, 2.12 लाख पौधों का हुआ रोपण
"एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया वृक्षारोपण

शामली। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपदभर में पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को लेकर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत नगर निकायों, ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न विभागों द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
वन विभाग द्वारा विकासखंड कांधला की ग्राम पंचायत किवाना में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने रुद्राक्ष तथा भाजपा जिलाध्यक्ष रामजी लाल कश्यप ने अशोक का पौधा रोपित किया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख कांधला विनोद मलिक, मुख्य विकास अधिकारी बृजेन्द्र शुक्ल, डीएफओ बीरेंद्र सिंह रावत, पीडी डीआरडीए प्रेमचंद, क्षेत्रीय वन अधिकारी कैराना राजेश कुमार सहित अनेक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी होगी।
उधर, अटल पार्क शामली में आयोजित कार्यक्रम में एमएलसी मोहित बेनीवाल ने पौधारोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी हमारी जिम्मेदारी है।
वहीं कंडेला इंडस्ट्रियल एरिया में सदर विधायक प्रसन्न चौधरी एवं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी दिवाकर देव गहलोत की उपस्थिति में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया।
वन विभाग के अनुसार विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, उद्यान तथा नगर विकास विभागों के संयुक्त प्रयास से जनपद में कुल 2 लाख 12 हजार पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
जिला गंगा समिति के जिला परियोजना अधिकारी डॉ. सोनू कुमार ने ग्राम पंचायत किवाना एवं शामली शुगर मिल परिसर में पौधारोपण करते हुए लोगों को नदियों के किनारे अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उपस्थित लोगों को प्लास्टिक प्रदूषण रोकने, स्वच्छता बनाए रखने तथा नदियों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए सक्रिय योगदान देने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रमों के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प दिलाया। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ कार्यक्रमों का समापन हुआ।
