खैरथल

भिवाड़ी में जलभराव व प्रदूषण रोकथाम को लेकर टास्क फोर्स की बैठक

अवैध अपशिष्ट जल परिवहन पर सख्ती के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। भिवाड़ी में मानसून के दौरान जलभराव एवं प्रदूषण की समस्या के प्रभावी समाधान के लिए गठित टास्क फोर्स की बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में बीड़ा सभागार में आयोजित हुई। बैठक में टास्क फोर्स  को आगामी मानसून को देखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जिला कलक्टर ने बताया कि गत वर्ष टास्क फोर्स द्वारा व्यापक कार्रवाई कर प्रदूषित जलभराव के लिए जिम्मेदार अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया गया था। हालांकि वर्तमान में यह सामने आया है कि कुछ उद्योग एवं आवासीय कॉलोनियां अपने अपशिष्ट जल और सीवरेज जल का निस्तारण निर्धारित CETP एवं STP संयंत्रों में करने के बजाय ट्रैक्टर-टैंकरों के माध्यम से अवैध रूप से रीको के नालों में कर रही हैं, जिससे जल प्रदूषण के साथ-साथ जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो रही है।
बैठक में जिला कलक्टर ने पुलिस विभाग एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को भिवाड़ी क्षेत्र में संचालित सभी टैंकरों की सघन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी टैंकर में अपशिष्ट जल का अवैध परिवहन पाया जाता है तो उसे तत्काल जब्त किया जाए तथा संबंधित उद्योग या व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
उन्होंने टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध रूप से अपशिष्ट जल का परिवहन और निस्तारण करने वाले ट्रैक्टर-टैंकरों पर शत-प्रतिशत नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण, निगरानी और समन्वित कार्रवाई करते हुए एक सप्ताह के भीतर ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए कहा।
टास्क फोर्स में अतिरिक्त जिला कलक्टर भिवाड़ी को अध्यक्ष तथा जिला उद्योग केंद्र, परिवहन विभाग, रीको, प्रशासन, पुलिस, राजस्थान प्रदूषण नियंत्रण मंडल एवं नगर परिषद भिवाड़ी के अधिकारियों को सदस्य के रूप में शामिल किया गया था, ताकि मानसून के दौरान जलभराव एवं प्रदूषण की समस्या का प्रभावी समाधान किया जा सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर भिवाड़ी सुमित्रा मिश्र, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी, उपखंड अधिकारी टपूकड़ा कृष्ण यादव, नगर परिषद भिवाड़ी के आयुक्त मुकेश शर्मा, पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अमित , सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button